अंडमान में शुरू होगी रोमांचक ‘क्रूज़ यात्रा’: भारत के एकमात्र सक्रिय ज्वालामुखी को करीब से देखने का अनोखा अवसर
पोर्ट ब्लेयर।
अंडमान-निकोबार प्रशासन अब पर्यटन को नई ऊंचाई देने जा रहा है। पहली बार द्वीपसमूह से भारत के एकमात्र सक्रिय ज्वालामुखी — बैरन द्वीप (Barren Island) — तक राउंड-वॉयज क्रूज़ सेवा शुरू की जा रही है। यह क्रूज़ सेवा यात्रियों को एक ऐसा अनुभव देगी जो उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा — समुद्र के बीचों-बीच लावा उगलते ज्वालामुखी का जीवंत दृश्य।
पर्यटन को नई दिशा देने की पहल
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के शिपिंग निदेशालय द्वारा यह पहल की जा रही है, जिसका उद्देश्य द्वीपों में एडवेंचर और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह क्रूज़ सेवा 24 अक्टूबर से पोर्ट ब्लेयर के हैडो व्हार्फ (Haddo Wharf) से शुरू होगी और हर पखवाड़े में एक बार संचालित होगी। मौसम की स्थिति के अनुसार इसका संचालन तय किया जाएगा।
बैरन द्वीप: भारत का अग्नि द्वीप
समुद्र मार्ग से लगभग 140 किलोमीटर दूर स्थित बैरन द्वीप हिंद-और बर्मा टेक्टॉनिक प्लेटों के संगम पर है।
यह द्वीप 8.34 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला है और इसके आसपास कोई मानव बस्ती नहीं है। निकटतम आबादी स्वराज द्वीप (हैवलॉक) और नारकोंडम लुक-आउट पोस्ट में है।
रिकॉर्ड के अनुसार, इस ज्वालामुखी का पहला विस्फोट 1787 में हुआ था। इसके बाद 1991, 2005, 2017, और 2022 में हल्के विस्फोट देखे गए, जबकि हालिया विस्फोट 13 और 20 सितंबर 2025 को दर्ज किया गया।
क्रूज़ यात्रा की पूरी रूपरेखा
क्रूज़ हर दूसरे शुक्रवार रात 9 बजे पोर्ट ब्लेयर से रवाना होगी और शनिवार सुबह बैरन द्वीप के पास पहुंचेगी।
वापसी का सफर उसी दिन सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक पोर्ट ब्लेयर पहुंच जाएगा।
इस दौरान यात्रियों को द्वीप के आसपास से ज्वालामुखी का लाइव दृश्य दिखाया जाएगा, हालांकि द्वीप पर उतरने की अनुमति नहीं होगी।
आवास और किराया विवरण
क्रूज़ में चार प्रकार के केबिन उपलब्ध हैं –
कोरल सुइट (Coral Suite) – ₹8,310 प्रति यात्री
रीफ सुइट (Reef Suite) – ₹6,340 प्रति यात्री
आइलैंड ब्रीज़ (Island Breeze) – ₹4,290 प्रति यात्री
लैगून डॉरमिटरी (Lagoon Dormitory) – ₹3,180 प्रति यात्री
यात्रा के दौरान भोजन के लिए ₹2,000 अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा, जिसमें बेड टी, नाश्ता, लंच, स्नैक्स और हाई टी शामिल होंगे।
शानदार रिस्पॉन्स, पहली ही यात्रा की बुकिंग लगभग फुल
अंडमान प्रशासन के अनुसार, पहली ही क्रूज़ यात्रा को लेकर पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
कोरल और रीफ सुइट्स पूरी तरह बुक हो चुकी हैं, जबकि ‘आइलैंड ब्रीज़’ और ‘लैगून’ में भी तेजी से सीटें भर रही हैं।
सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि
अंडमान प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
डायरेक्टरेट ऑफ शिपिंग सर्विसेज ने कहा है कि यात्रियों को एक सुरक्षित, आरामदायक और यादगार यात्रा अनुभव देने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
ऑनलाइन बुकिंग सुविधा
यात्री इस क्रूज़ सेवा की टिकटें 11 अक्टूबर से अंडमान शिपिंग सर्विसेज के ई-टिकटिंग पोर्टल
👉 https://dss.andamannicobar.gov.in/eticketing
पर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।
